एसटीपीआई के 71वें केंद्र का गोरखपुर, उत्तर प्रदेश में उद्घाटन
- 26-03-2026

उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एसटीपीआई के 71वें केंद्र का उद्घाटन किया। पूर्वी उत्तर प्रदेश में आईटी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने और पूर्वांचल क्षेत्र में प्रौद्योगिकी आधारित उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए इस केंद्र की स्थापना की गई है। भारत सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के तत्वावधान में विकसित यह केंद्र, प्रमुख महानगरों से परे डिजिटल बुनियादी ढांचे के विस्तार और नवाचार को समर्थन देने के सतत प्रयासों का एक हिस्सा है।
इस अवसर पर बोलते हुए, सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क ऑफ इंडिया के महानिदेशक श्री अरविंद कुमार ने बताया कि नया केंद्र स्टार्टअप, आईटी/आईटीईएस कंपनियों और प्रौद्योगिकी उद्यमियों को सहयोग देने के लिए आधुनिक प्लग-एंड-प्ले कार्यालय स्थान, इनक्यूबेशन सुविधाएं, हाई-स्पीड डेटा कनेक्टिविटी और सहयोगात्मक कार्य वातावरण प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस केंद्र से नवाचार को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय प्रतिभाओं को प्रौद्योगिकी उद्यम स्थापित करने में मदद मिलेगी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा करते हुए क्षेत्रीय आईटी इकोसिस्टम को और मजबूत किया जा सकेगा।








